दो दिन से फोन नहीं उठाने पर भाई को शक
सेक्टर-30 स्थित घर में सुप्रीम कोर्ट की महिला वकील का शव मिलने का मामला
महिला के भाई ने जीजा हत्या करने की आशंका जताई, जीजा मौके से फरार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-30 निवासी वकील रेणू सिन्हा (61) के दो दिन से फोन नहीं उठाने पर भाई को अनहोनी की आशंका हुई। रविवार को उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रेणू के भाई के सामने पुलिस दरवाजा तोड़कर फ्लैट में घुसी तो वॉशरूम में महिला का शव मिला। पुलिस ने इसका वीडियो भी बनाया है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि वॉशरूम में धक्का दिया गया था।
रेणू सेक्टर के डी ब्लॉक स्थित कोठी में पति नितिन नाथ सिन्हा के साथ रहती थीं। अमेरिका में रहने वाला उनका बेटा साल में एक से दो बार भारत आता है। दो दिन से फोन नहीं उठने के बाद रेणू के भाई उनके घर पहुंच गए। घर में ताला लगा था और लाइट जल रही थी। अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रेणू के भाई का आरोप है कि उनका जीजा नितिन बहन को परेशान करता था। उन्होंने जीजा पर ही हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से नितिन फरार है। डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार के लोगों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मौके पर डीसीपी हरीश चंदर, एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी और एसीपी रजनीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर जांच की। पुलिस ने जांच के लिए तीन टीमें बनाई हैं। हाई प्रोफाइल मामले में फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉयड की टीम को भी बुलाया गया और कोठी की जांच की गई। फॉरेंसिक टीम ने कुछ नमूने एकत्रित किए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
-
पति-पत्नी में रहता था मनमुटाव
पुलिस को पड़ोसियों से पता चला कि पति-पत्नी में मनमुटाव रहता था। कई बार झगड़े हुए हैं। अमेरिका से आने पर बेटा पिता से बात नहीं करता था। पड़ोसियों के मुताबिक, घर में दोनों अलग-अलग रहते थे। घटना के बाद से पति का भी कुछ पता नहीं है। शव एक से दो दिन पुराना होने की बात कही जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। रेणू के भाई ने पुलिस को बताया कि जब उसने जीजा को कॉल की तो उसने खुद को लोदी रोड, दिल्ली में होने की बात कही। इसके बाद से उसका नंबर बंद आ रहा है।
-
अमेरिका से आएगा बेटा
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना परिवार के लोगों और उनके बेटे को दी गई है। बेटा यूएसए से नोएडा आने की तैयारी में है। महिला कैंसर से पीड़ित थीं। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ महीने से वह इस बीमारी से उबर रही थीं। पति नितिन का आसपास के लोगों से भी कम ही बात होती थी। सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-
सीसीटीवी का डीवीआर नहीं मिला
पुलिस की जांच में पता चला है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद नितिन डीवीआर निकालकर ले गया। घर में सीसीटीवी लगे हुए हैं। अब पुलिस कोठी के आसपास लगे कैमरे की फुटेज देख रही है।
-
सेक्टर में लगे 100 सीसीटीवी कैमरे
सेक्टर-30 के आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि सेक्टर में 100 सीसीटीवी लगे हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। इसमें तस्वीर साफ हो जाएगी कि महिला का पति यहां से कब निकला। सेक्टर में सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं।