कांवड़ रूट पर ड्यूटी के लिए की ब्रीफिंग, ड्रोन से रहेगी नजर
- कांवड़ियाें के मेरठ पहुंचते ही बढ़ जाएगी जिले में रूट पर सुरक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल रूम और ड्रोन कैमरे की मदद से यातायात पुलिस कांवड़ वाले रूट पर नजर रखेगी। डीसीपी ट्रैफिक प्रीति यादव का कहना है कि रूट पर ड्रोन कैमरे के अलावा सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल रूम में कांवड़ विंडो शुरू कर दी गई है। यहां ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया जा रहा है।
सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर से ओखला बर्ड सेंचुरी से होकर कालिंदी कुंज तक की सड़क पूरी तरह कांवड़ियों के लिए सुरक्षित की गई है। अन्य जगह भी कांवड़ियों और राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। उम्मीद है कि बृहस्पतिवार शाम तक कांवड़ियों का जिले में आना शुरू हो जाएगा, हालांकि अभी मेरठ तक कांवड़िए नहीं पहुंचे हैं। उनके मेरठ पहुंचने के बाद सुरक्षाकर्मी अपने प्वाइंट पर तैनात कर दिए जाएंगे।
वहीं बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ग्रेटर नोएडा के जैतपुर में 9 से 16 जुलाई तक कथा आयोजन करने जा रहे हैं। कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है। यहां जुटने वाले भक्तों के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसका बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आनंद कुलकर्णी ने निरीक्षण किया। यातायात निरीक्षक आशुतोष सिंह का कहना है शुक्रवार तक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया जाएगा।