ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स एवं किंग्सवुड सोसाइटी में होली खेल रहे लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। निवासियों ने सोसाइटी में तैनात बाउंसरों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस को मामले की शिकायत दी है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में करीब 10 बाउंसर तैनात थे, जो काफी देर तक बिना यूनिफॉर्म घूमते रहे। आपत्ति जताने पर उन्होंने काली टी-शर्ट पहन ली। आरोप है कि सोसायटी में खेल रहे कुछ लोगों ने बाहर से खाना मंगवाया था। बाउंसरों ने खाने की गाड़ी सोसाइटी के गेट पर रोक दी और निवासियों के साथ अभद्रता की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही गाड़ी को अंदर प्रवेश दिया गया। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद बाउंसरों ने होली खेल रहे कुछ निवासियों के साथ मारपीट की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो