नोएडा। सेक्टर-34 स्थित सुरभि अस्पताल के पास नाले की सफाई के दौरान कपड़े में हड्डी मिलने से बृहस्पतिवार को हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हड्डी को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद हड्डी इंसान या जानवर की हो सकती है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हड्डी इंसान की है। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब चार बजे सेक्टर-34 में सफाई के दौरान एक कपड़े में हड्डी दिखाई दी। इसके बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इंसान या जानवर के हड्डी होने का पता चलेगा। ब्यूरो