आज से ब्लू लाइन पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से दौड़ेगी मेट्रो
नोएडा। कोरोना संक्रमण के दौर में आज से ब्लू लाइन पर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से मेट्रो सेवा की शुरुआत होगी। 171 दिन बाद ब्लू लाइन पर मेट्रो चलेगी। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभी सुबह और शाम की शिफ्ट में केवल 4-4 घंटे मेट्रो चलेगी। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजे से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से मेट्रो चलेगी। जो कि नोएडा में कई स्टेशनों से होते हुए द्वारका तक जाएगी। मेट्रो के स्टेशन पर रुकने की अवधि को 10 सेेकेंड से ज्यादा बढ़ाया गया है। वहीं, स्टेशन परिसर और कोच में सामाजिक दूरी के लिए खड़े होने और बैठने के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। कैशलेस पेमेंट को भी बढ़ावा दिया जाएगा। टोकन नहीं मिलेगा। स्मार्ट कार्ड से ही यात्रा कर पाएंगे। वहीं, आरोग्य सेतु एप भी दिखाना होगा। यात्रियों को मास्क पहनना जरूरी होगा। थर्मल सेंसर और सैनिटाइजेशन के अलावा लिफ्ट के उपयोग की छूट मिलेगी। लेकिन इसमें भी दो से तीन लोग ही एक बार में जा सकेंगे। मेट्रो का संचालन सुबह सात से 11 बजे और शाम चार से रात आठ बजे तक होगा। एक्वा लाइन पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो सेवा पहले ही शुरू हो चुकी है। वहीं, ब्लू लाइन पर मेट्रो संचालन से सेक्टर-51 और 52 स्टेशनों से यात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू हो जाएगी। यहां ई-रिक्शा के माध्यम से यात्रियों को लाया और ले जाया जाता था।