नई दिल्ली।
प्रदेश भाजपा का मंदिर प्रकोष्ठ रविवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हिंदू नववर्ष उत्सव मनाएगा। इसमें देश के 31 महामंडलेश्वर सहित 5000 से अधिक संत-महात्मा शामिल होंगे। इसके अलावा प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी सहित 35000 से अधिक सनातनी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष के वीरेंद्र सचदेवा सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मंदिर प्रकोष्ठ के संयोजक करनैल सिंह ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दिल्ली ही नहीं, बल्कि देशभर में क्रिसमस डे आदि पर्व मनाए जाते हैं। इस कारण लोगों को हिंदू नववर्ष को भी मनाना चाहिए। लिहाजा, प्रदेश भाजपा हर साल हिंदू नववर्ष का कार्यक्रम धूमधाम से मनाएगी। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपनी संस्कृति के बारे में आने वाले युवाओं को जागरूक करना है। ब्यूरो