ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की कृषि और पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को बायोएनर्जी से जोड़कर गांवों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा करने की संभावनाओं पर इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो में मंथन होगा। तीन दिवसीय एक्सपो का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा। एक्सपो में नीति-निर्माता, उद्योग जगत, निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और शोधकर्ता बायोएनर्जी के विस्तार पर चर्चा करेंगे। गोबरधन पहल के तहत गोबर, कृषि अवशेष और जैविक कचरे से बायोगैस, सीबीजी और जैविक खाद तैयार करने के मॉडल पर चर्चा होगी। आईएफजीई के महानिदेशक संजय गंजू ने कहा कि कचरे के संग्रह से लेकर प्लांट संचालन और उत्पादों के विपणन तक पूरी वैल्यू चेन ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार पैदा कर सकती है। ब्यूरो