ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चेरी काउंटी के पास बदमाश एक युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। गांव जलालपुर में रहने वाले प्रवीण कुमार का कहना है कि 6 अक्तूबर की रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में चेरी काउंटी के पास एक व्यक्ति मिला। जिसने उनसे कुछ दूर तक छोड़ने का अनुरोध किया। प्रवीण ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में उस व्यक्ति ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक पीने को कहा। मना करने पर उसने आधी-आधी पी लेते हैं कहकर जोर दिया। पीड़ित ने थोड़ी कोल्ड ड्रिंक पी ली। जिसके बाद उन्हें बेहोशी छा गई। सुबह करीब चार बजे जब उन्हें होश आया, तो वह हल्दौनी रोड के किनारे पड़े थे। उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, तलाक के दस्तावेज और नकद रुपये गायब थे। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि के दर्ज कर जांच शुरू की है।