ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-137 पुस्ता रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। पीड़ित के भाई आशीष निर्वाण की ओर से थाना सेक्टर-142 में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस के अनुसार 31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे निखिल बाइक से घर जा रहे थे। पुस्ता रोड पर मेट्रो पिलर संख्या 354-355 के बीच सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। कार चालक ने हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल निखिल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से कुछ देर बाद वह मौके से चला गया। पीड़ित के भाई आशीष निर्वाण ने बताया कि भाई की हालत गंभीर होने पर मणिपाल अस्पताल गाजियाबाद में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इलाज में व्यस्त होने के कारण परिवार तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सका। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। अधिकारियों ने कहा कि बाइक सवार ने हेलमेट पहना था या नहीं इसकी जांच जारी है। ब्यूरो