तावडू। उपमंडल के अंतर्गत भिवाड़ी सड़क मार्ग पर अतीतका मोड़ के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।
भिवाड़ी के घटाल थाना फूलबाग निवासी राहुल गर्ग ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 10 दिसंबर को बाइक पर वे अपने साथी विकास निवासी जमालपुर जादोली थाना मरोड़ा छपरा बिहार और हाल निवासी रमजान कॉलोनी घटाल भिवाड़ी के साथ तावडू आ रहे थे। बाइक राहुल चला रहे थे। रात करीब 8 बजे अतीतका मोड़ पेट्रोल पंप के नजदीक तेज गति और लापरवाही से आए वाहन ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इससे वे दूर जा गिरे और साथी विकास के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने विकास को शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह में उपचार के लिए भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए विकास को दिल्ली रेफर कर दिया। शनिवार को उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई।