ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है। गांव अमरपुर निवासी शुभम नागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते रविवार को उनकी मां बबिता शाम को घर से अपनी डेयरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान नितिन ने बाइक से उनकी मां को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बबिता दूर जा गिरीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी नितिन मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो