लक्ष्मणझूला नीलकंठ मोटर मार्ग पर पीपलकोटी के समीप हुई बाइक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई थी। थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 9 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नीलकंठ मोटर मार्ग पर पीपलकोटी के समीप चमेंडी गदेरे में एक मोटरसाइकिल खाई में गिरी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल के समीप ही एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मृतक की पहचान धनवीर सिंह पयाल पुत्र जगत सिंह (52) निवासी कोठार नीलकंठ के रूप में हुई। थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में शव को पीएम के लिए एम्स भेज दिया गया है।