नोएडा (संवाद)। सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में शनिवार को भूटान की शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री यीजांग डी थापा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध और कौशल विकास गतिविधियों की जानकारी ली। मंत्री यीजांग डी थापा ने कहा कि भारत आना उनके लिए घर लौटने जैसा है और शिक्षा के क्षेत्र में भारत व एमिटी विश्वविद्यालय भूटान के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय समय-समय पर भूटानी शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। एमिटी साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. डब्ल्यू. सेल्वामूर्ति ने बताया कि विश्वविद्यालय छात्रों को शोध और नवाचार के साथ उद्यमिता के लिए भी तैयार करता है। इस अवसर पर एडिशनल प्रो वाइस चांसलर डॉ. संजीव बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।