नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के ताइक्वांडो खिलाड़ी भानु प्रताप सिंह ने 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स (अंडर-17 बॉयज) ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025-26 में उम्दा प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। यह प्रतियोगिता 25 नवंबर से एक दिसंबर तक इटानगर, अरुणाचल प्रदेश में आयोजित हुई। 78 किलोग्राम भार वर्ग में भानु ने शानदार मुकाबले खेले और फाइनल तक पहुंचकर जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि गौतमबुद्ध नगर से पहली बार किसी ताइक्वांडो खिलाड़ी ने एसजीएफआई स्तर पर सिल्वर मेडल जीता है। चयन से पूर्व भी भानु लगातार बेहतरीन फॉर्म में रहे। उन्होंने सीबीएसई जोनल और सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की थी। भानु की इस सफलता में उनके कोच संजय गुसैन का भी अहम योगदान रहा।