-भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर की जा रही प्रसारित
-फर्जी ईमेल के माध्यम से साधा जा रहा है छात्रों से संपर्क
-सलाह, डीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया के दौरान दाखिले के विषय में भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है। यही नहीं, फर्जी ईमेल के माध्यम से छात्रों से संपर्क साधा जा रहा है। ऐसे में विश्वविद्यालय ने दाखिले के संबंध में फर्जी ईमेल और सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। डीयू दाखिला डीन ने नोटिस जारी कर छात्रों को सलाह दी है कि वे डीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित जानकारी पर ही भरोसा करें।
दिल्ली विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि विश्वविद्यालय की दाखिला प्रक्रिया के संबंध में कुछ भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों को दी जा रही हैं। छात्रों से संपर्क साधने के लिए फर्जी ईमेल का सहारा लिया जा रहा है जिनमें universitydelhiduetgmal.com, univduet2022rediffmail.com, univduet2023rediffmail.com शामिल है। विवि ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और केवल दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट admission.uod.ac.in पर प्रकाशित जानकारी पर ही भरोसा करें। सभी प्रामाणिक सूचनाओं, घोषणाओं और शेड्यूल के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जाना होगा यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अलग-अलग हैं। इनमें www.du.ac.in, www.admission.uod.ac.in, twitter.com/uniofDelhi शामिल है। उम्मीदवारों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि विश्वविद्यालय केवल ईमेल आईडी du.ac.in के माध्यम से ही पत्राचार करता है।