फोटो 15 बेवर डिपो के बस स्टैंड पर खड़ीं बसें। संवाद
बेवर। धनतेरस और दिवाली के त्योहार पर यात्रियों को सफर में परेशानी नहीं होगी, इसके लिए परिवहन निगम के बेवर डिपो ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डिपो की ओर से विभिन्न मार्गों पर दिवाली स्पेशल बसों का संचालन शुरू कराया गया है। इसके अलावा ग्रामीण रूटों पर बसों की संचालन बढ़ाया गया है। डिपो ने चालक-परिचालकों के अवकाश को पहले ही निरस्त कर दिए गए हैं। धनतेरस और दिवाली के त्योहार के लिए डिपो द्वारा दिल्ली मार्ग पर पांच, आगरा मार्ग पर तीन और इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर दो दिवाली स्पेशल बसों का संचालन शुरू कराया गया है। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष चंद्र ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी यात्री को सफर में कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि डिपो के चालक-परिचालकों के अवकाश को पहले ही रद्द कर दिया गया है। चालक-परिचालकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि बसों में सफर करने वाले यात्रियों के साथ मृदुल व्यवहार किया जाए।एआरएम सुभाष चंद्र ने बताया कि डिपो के चालक-परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बस में किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या आतिशबाजी लाने और ले जाने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है।