नोएडा। पर्थला गांव में पानी गर्म नहीं करने पर महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। उसके भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला के पति समेत चार के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-113 में प्राथमिकी दर्ज हुई है। अलीगढ़ के नगला गांव के रहने वाले राकेश यादव की बहन सुनीता की शादी नोएडा के पर्थला गांव के वीरेंद्र से 2021 में हुई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन प्रताड़ित करते हैं। पूर्व में भी महिला के साथ ससुराल पक्ष के लोग मारपीट कर चुके हैं। 11 फरवरी को गर्म पानी नहीं करने को लेकर पति ने विवाद किया। इसका विरोध करने पर सुनीता से पहले अभद्रता की। पति ने देवर-देवरानी व सास के साथ मिलकर मारपीट की। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।