ग्रेटर नोएडा (संवाद)। बाराही मेला में बृहस्पतिवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रागनी, भजन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेला प्रांगण पूरी तरह लोक संस्कृति की सुरमयी गूंज से सराबोर रहा। कार्यक्रम में जयवीर और सुरेंद्र भाटी एंड पार्टी के कलाकारों ने आकर्षक रागनियों से दर्शकों का मन मोह लिया। नरेश नागर ने गोपीचंद प्रसंग पर रागनी प्रस्तुत कर लोकगाथा को जीवंत किया। इसके साथ ही अनु चौधरी और जयवीर भाटी की सत्यवान–सावित्री रागनी ने भी दर्शकों को भावुक कर दिया। मुख्य अतिथि महेश नागर ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर प्रयास करने की प्रेरणा दी और नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया। दूसरे लोक कला मंच पर आरसीएफ इवेंट हरियाणवी डांस ग्रुप ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर शिव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष धर्मपाल प्रधान, महासचिव ओमवीर बैसला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।