पुलिस रही तैनात, जमकर हुई नारेबाजी, कई जगह लोगों को जाम से जूझना पड़ा
प्रदर्शनकारियों के सड़क पर बैठने से फरीदाबाद और दिल्ली का कैरिज वे बंद रहा
ब्रह्मपुरी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर हनुमान चालीसा का पाठ किया
23 जगहों पर हुआ विरोध प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नूंह हिंसा के विरोध में बुधवार सुबह से ही राजधानी के 23 स्थानों पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस कारण जगह-जगह लोगों को जाम से भी जूझना पड़ा। उत्तर पूर्वी दिल्ली के दंगा प्रभावित क्षेत्र में लोग डर के माहौल में रहे और सड़क पर आने से भी कतराते नजर आए। बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने देश विरोधी ताकतों का पुतला फूंका तो टोल पर कुछ प्रदर्शनकारियों के बैठने से कुछ देर के लिए फरीदाबाद और दिल्ली का कैरिज वे बंद हो गया। इसी तरह पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही, भगवा झंडा लहराकर जमकर नारेबाजी की गई।
मुखर्जी नगर के जीटीबी नगर चौक पर प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग दल के कुलदीप चौहान ने किया। इसके अलावा बदरपुर, नांगलोई, बुराड़ी, रोहिणी, करावल नगर, आंबेडकर नगर, मुखर्जी नगर, करोल बाग आदि जगहों पर बड़ी संख्या में लोग विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने कहा कि नूंह हिंसा के विरोध में हर जिले में प्रदर्शन किया गया जो सफल रहा। इसमें समाज की बड़ी भागीदारी रही। राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और कानून की मर्यादा के अंदर किया गया। सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी से कुछ अंतर संभव है।