ग्रेटर नोएडा (संवाद)। कासना स्थित राजकीय आय़ुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में मंगलवार को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को समर्पित था। इसका उद्देश्य लोगों में मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने रोग का प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करना था। जिम्स के सीएमएस डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने लोगों को डायबिटीज से बचाव की जानकारी दी। डॉ. पायल जैन, डॉ. अजय गर्ग, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. प्रीति, डॉ. हरदीप, डॉ. अवि, डॉ. हर्षिता ने भी इंसुलिन प्रबंधन, आहार योजना और जीवनशैली में बदलाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों के लिए कलरिंग प्रतियोगिता और क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। साथ ही एक फाउंडेशन की ओर से 18 वर्ष से कम आयु के टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क ग्लूकोमीटर वितरित किए गए।