नोएडा। प्रतीक लारेल सोसाइटी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लॉरेल सोसाइटी में शनिवार को साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतीक लॉरेल अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने नोएडा साइबर पुलिस के सहयोग से कार्यक्रम कराया। साइबर पुलिस के सब-इंस्पेक्टर समरपाल सिंह ने निवासियों को निवेश, व्हाट्सऐप, डिजिटल गिरफ्तारी, रिफंड और पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनकी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करते हैं। ऐसे में अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी के साथ ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।