लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए सरकार ने आपकी बेटी हमारी बेटी योजना चलाई है। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना, लिंगानुपात में सुधार और बालिकाओं को शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करना है। इस योजना के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 22 जनवरी 2015 को या उसके बाद जन्मी अनुसूचित जाति और बीपीएल परिवारों की पहली बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये और सभी वर्गों की दूसरी और तीसरी बेटी के जन्म पर 21 हजार की राशि दी जाती है। इस योजना में लाभार्थी लड़की के खाते में कुल संचित राशि उसके 18 वर्ष पूरे होने पर ब्याज सहित देय होगी। बशर्ते लड़की अविवाहित हो। इस योजना के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन फॉर्म आंगनवाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र पर मुफ्त उपलब्ध है। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।