सर्विस रोड से पुलिस चौकी और चौराहे से हटेंगे ऑटो
अफसरों ने किसान चौक और आसपास लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए तैयार किया एक्शन प्लान
इटैड़ा गोलचक्कर से चार मूर्ति की तरफ बने यूटर्न के पास एक और यूटर्न बनाया जाएगा
सड़क किनारे पर नहीं लेगा बाजार, पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट पर वाहनों को अधिक देर तक रुकने इजाजत नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के जाम को लेकर प्राधिकरण और यातायात पुलिस के अधिकारी मंगलवार को हरकत में दिखे। अफसरों ने स्थानीय निवासियों की मदद से किसान चौक और आसपास लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत पर्थला की तरफ से हिंडन पुल और किसान चौक के बीच सर्विस रोड पर बनी पुलिस चौकी को हटाया जाएगा और वाहनों को बस-वे पर भेजा जाएगा। वहीं, सड़क के किनारे लगने वाले बाजार और ठेलियों को भी हटाया गया है।
पर्थला फ्लाईओवर शुरू होने के अगले ही दिन किसान चौक पर सोमवार शाम करीब पांच घंटे जाम लगा रहा। ग्रेनो वेस्ट के निवासियों ने सोशल मीडिया पर प्राधिकरण की प्लानिंग पर सवाल उठाए। इसके बाद मंगलवार को एसीईओ अमनदीप डुली के नेतृत्व में प्राधिकरण, नेफोवा और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर जायजा लिया और एक्शन प्लान तैयार कर सीईओ को सौंपा। सीईओ ने प्लान पर तत्काल अमल करने के निर्देश दिए हैं। ग्रेनो प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि हिंडन पुल से तिगरी की तरफ जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड और बस-वे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को किसान चौक जाना नहीं पड़ेगा और सर्विस रोड पर बनी पुलिस चौकी को शिफ्ट किया जाएगा।
-
बस-वे के उपयोग से यू-टर्न पर दबाव होगा कम
नोएडा और तिगरी की तरफ से एक मूर्ति गोलचक्कर की तरफ जाने वाले वाहन मुख्य मार्ग के साथ बस-वे का उपयोग कर इटैड़ा रोटरी की तरफ जा सकेंगे। ऐसा होने से गौड़ सिटी मॉल के सामने बने यूटर्न पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। इस जगह रोड के किनारे लगे यूनिपोल को भी शिफ्ट किया जाएगा। यहां बस-वे और सर्विस रोड को मेन रोड से भी जोड़ा जाएगा।
-
शाहबेरी की तरफ जाने के लिए बनेगा यू-टर्न
अफसरों ने बताया कि एक मूर्ति गोलचक्कर की तरफ से आने वाले वाहन इटैड़ा गोलचक्कर से होकर शाहबेरी की तरफ जाते है, लेकिन अब गोल चक्कर पर शाहबेरी की तरफ जाने वाले कट को बंद किया जाएगा। वाहनों के लिए इटैड़ा गोलचक्कर से चार मूर्ति की तरफ बने यूटर्न के पास एक और यूटर्न बनाया जाएगा। इसके बाद शाहबेरी जाने वाले वाहन इस यूटर्न से होकर जाएंगे। इटैड़ा गोलचक्कर से 60 मीटर रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड और बस-वे से जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
-
आज से यह होगी वैकल्पिक व्यवस्था
एसीपी ट्रैफिक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि जाम की समस्या को दूर करने के लिए मंगलवार शाम से ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सेक्टर-71 से लेकर ग्रेनो वेस्ट के बीच में जगह-जगह सड़क किनारे लगने वाले बाजार, फलों व सब्जियों की ठेली आदि को हटा दिया गया। मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार की दुकानें नहीं लगेंगी। सड़क किनारे ठेली व फुटपाथ पर फल व सब्जियों समेत अन्य खानपान की दुकानें लगने से वाहन चालक रुक जाते हैं। इसे भी जाम का बड़ा कारण माना गया है। इसके अलावा ऑटो, ई-रिक्शा आदि को भी जाम वाले प्वाइंट से हटाया जाएगा। पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट पर वाहनों को अधिक देर तक रुकने और सवारी के इंतजार करने की इजाजत नहीं होगी।
-
नोएडा व ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ सर्वे का काम चल रहा है। मंगलवार को सर्वे के बाद कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। जिसमें बस लेन को खोलने व यूनिपोल को हटाने से ट्रैफिक काफी हद तक सामान्य हो जाएगा। इसके अलावा सर्विस रोड को भी मुख्य मार्ग में मिलाने पर काम होगा। - प्रीति यादव, डीसीपी, ट्रैफिक नोएडा