ग्रेटर नोएडा। रिठौरी गांव से दादरी की तरफ जा रहा एक ऑटो कोट पुल के पास अनियंत्रित होकर छोटी नहर
फोटो- रिठौरी से दादरी जाते समय कोट पुल के पास हुआ हादसा, हाइड्रा की मदद से नहर से निकाला गया ऑटो
ग्रेटर नोएडा। रिठौरी गांव से दादरी की तरफ जा रहा एक ऑटो मंगलवार को कोट पुल के पास अनियंत्रित होकर छोटी नहर में गिर गया। हादसे में ऑटो सवार चालक समेत पांच लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को ऑटो से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि ऑटो चालक महेंद्र निवासी गांव रिठौरी थाना दादरी था। ऑटो में उसकी पत्नी शिव कुमारी (45), पुत्र लावेश और बेटियां दीपिका व शिवानी सवार थीं। सभी लोग रिठौरी से दादरी की तरफ जा रहे थे। कोट पुल के पास पहुंचने पर चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास किया। इस दौरान ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित छोटी नहर में जा गिरा। हादसे के बाद पुलिस ने हाइड्रा की मदद से ऑटो को नहर से बाहर निकलवाया। हादसे के कारण मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। ब्यूरो