नोएडा। सेक्टर-45 में ऑटो चालक, एक महिला का बैग लेकर फरार हो गया। महिला का कहना है कि बैग में सोने-चांदी के जेवर के साथ-साथ नकदी भी थी। आरोप है कि सामान उतारने के दौरान उसका एक बैग ऑटो में था और चालक उसे लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने रोकने की भी कोशिश की थी पर वह रुका नहीं। इसे लेकर पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 में मामला दर्ज कराया है।
शिकायत में सेक्टर-45 कांशीराम कॉलोनी निवासी नीलम ने बताया कि उन्होंने 19 जनवरी की शाम को अपनी ससुराल बरौला से सेक्टर-45 काशीराम कॉलोनी जाने के लिए एक ऑटो बुक किया था। कॉलोनी पहुंचने के बाद, वह ऑटो से अपना सामान उतार रही थी। सामान उतारते समय उसकी अटैची का हैंडल टूट गया और सामान बिखर गया। वह बिखरे सामान को समेट रही थी। इसी दौरान चालक ऑटो को लेकर फरार हो गया। ऑटो में उनका एक बैग रखा हुआ था। नीलम के मुताबिक बैग में छह हजार रुपये, सोने के कुंडल, मंगलसूत्र, अंगूठी, पीतल की चूड़ियां व अन्य सामान रखा हुआ था। थाना प्रभारी ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से ऑटो का नंबर तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। ब्यूरो