-आरटीआई में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दी जानकारी, पिछले 6 महीने में 45 जगहों पर लगा जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में वायु प्रदूषण फैलाने वालों में नोएडा प्राधिकरण व विद्युत निगम सबसे आगे हैं। यह जानकारी सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से दिए गए ब्यौरे से सामने आई है। आरटीआई सेक्टर-77 की प्रतीक विस्टीरिया सोसाइटी निवासी अमित गुप्ता की तरफ से लगाई गई थी। जवाब में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि 2026 के 6 महीनों में नोएडा में वायु प्रदूषण पर 45 शिकायतों पर 1.83 करोड़ रुपये का जुर्माना किया गया। इसमें से 24 शिकायतें नोएडा प्राधिकरण व विद्युत निगम से जुड़ी हुई थीं। इन पर 11.82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह शिकायतें अधिकतर निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के बंदोबस्त न किए जाने और खोदाई कर स्थलों को छोड़े जाने संबधी थीं। अन्य जुर्माना की जानकारी भी बोर्ड की तरफ से प्राधिकरण को दे दी गई है।