खनन माफिया से दस हजार मांगने का ऑडियो वायरल
- सिपाही के कॉल कर धमकी देने का किया जा रहा दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। कबाड़ी से रिश्वत मांगने के मामले में जांच अधिकारी के निलंबन और सिपाही की बर्खास्तगी के बाद अभी जांच चल ही रही है। इसी बीच एक ऑडियो और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस ऑडियो में खनन माफिया को धमकी देकर दस हजार रुपये की मांग की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि यह रुपये कोई सिपाही मांग रहा है।
हालांकि अभी अधिकारिक रूप से इस ऑडियो की कोई पुष्टि नहीं की गई है। वायरल ऑडियो में की जा रही बातचीत में एक व्यक्ति दस हजार रुपये की मांग कर रहा है। वहीं, दूसरा कह रहा है कि उसने किसी के हाथ रुपये भेज दिए थे, वह शराब पीकर घर में सो गया होगा। सुबह वह रुपये भिजवा देगा। कथित सिपाही ऑडियो में कथित खनन माफिया को धमकाते हुए कहा रहा है कि वह किसी के बाप की नौकरी नहीं करता। जो तुम्हारे डंपरों को बार-बार बंद करता रहे। अंत में थाने आने की बात कहकर कॉल काट दी गई है। हालांकि ये स्पष्ट नहीं हो रहा है कि वीडियो कहां का है और बातचीत कौन कर रहा है।