रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र को घर से अगवा कर और उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। परिजन का आरोप है कि चार से पांच बदमाशों ने छात्र की हत्या करने की कोशिश की, लेकिन उससे पहले ही परिजन ग्रामीणों और पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और युवक की जान बचा ली। बताया जा रहा है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है, जिसका बदला लेने के लिए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल, पुलिस ने परिजन के तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। नामजद आरोपियों में एक आरोपी फरार चल रहा है। करौलियान कस्बा निवासी छात्र के पिता ने बताया कि वे खेती किसानी करते हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो लड़के हैं। उनका एक लड़का 17 वर्ष का है, जो क्षेत्र के एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।
12 नवंबर की रात करीब 7 बजे उनके ताऊ का देहांत हो गया था, जिनका पूरा परिवार शोक मनाना रहा था। तभी अंबेडकर नगर निवासी सुमित, दीपक, प्रवीन और कार्तिक उनके घर में घुस गए और उनके साथ गाली गलौज करने गले। इस दौरान उनका लड़का घर के बाहर गली में खड़ा था।
इसी दौरान आरोपियों ने उनके लड़के को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और मेहंदीपुर के जंगल की ओर फरार हो गए। पीड़ित के परिजन ने बताया कि कुछ देर बाद जब मामले की जानकारी उनके परिवार वालों को मिली, तो उन्होंने पीड़ित छात्र की छानबीन शुरू की। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
काफी तलाश करने के बाद परिजन जब रात करीब 11ः30 बजे ग्रामीणों और पुलिस के साथ अम्बेडकर नगर के जंगलों में पहुंचे, तो वहां आरोपियों की गाड़ी दिखाई दी। परिजन ने बताया कि उस दौरान सभी आरोपी और पीड़ित गाड़ी में मौजूद थे। ग्रामीणों की भीड़ देखकर उनमें से एक आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तीन आरोपियों को वहीं मौके पर ही दबोच लिया। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गले में फंदा डालकर मारने की कोशिश की
पीड़ित किशोर के पिता ने आरोप लगाया है कि कि आरोपियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। उनके गले में फंदा डालकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की, तभी वे ग्रामीणों और पुलिस के साथ वहां पर पहुंच गए, जिससे उनके लड़के की जान बच गई। परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने किशोर को अगवा करने के दौरान उनके गले से चेन और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
अनिकेत हत्याकांड से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों ने बताया यह मामला अनिकेत हत्याकांड से जुड़ा हुआ है, जिसका बदला लेने के लिए बदमाशों ने छात्र को अगवा किया। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले 15 अक्तूबर 2025 को अम्बेडकर नगर निवासी दलित किशोर अनिकेत (17) की कुछ लोगों ने उस पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। दावा है कि अनिकेत के हत्यारों ने उस दौरान नाबालिग के परिजन के मोबाइल फोन से ही अनिकेत को फोन किया था। उसी का बदला लेने के लिए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
अनिकेत और किशोर एक ही स्कूल में पढ़ते थे
पीड़ित किशोर के परिजन ने बताया कि अनिकेत और पीड़ित एक ही स्कूल में पढ़ते थे। पड़ोसी गांव का होने के नाते कई बार दोनों एक दूसरे के साथ ही आना जाना करते थे। लेकिन साल भर पहले कुछ बदमाशों ने अनिकेत के जन्मदिन पर उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। तभी से आरोपी परिवार पीड़ित किशोर पर संदेह करने लगे। दावा है कि उसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने नाबालिग छात्र को अगवा किया।