रबूपुरा (संवाद)। 10 लाख रुपये और प्लाॅट के लिए विवाहिता की हत्या के प्रयास का आरोप लगाकर पीड़िता के पिता ने रबूपुरा थाने में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। शांतिनगर निवासी जुबेर ने बताया कि बेटी जुबेदा की शादी 2025 में दिल्ली के नेहरू विहार, मुस्तफाबाद के फैजल के साथ की थी। ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। जमीन अधिग्रहण के बदले पीड़िता के पिता को मिले मुआवजे से मांगें पूरी कराने का दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि ससुरालवालों ने प्लानिंग के तहत उनकी बेटी को दिल्ली घुमाने के बहाने गाड़ी में बिठाया और जीरो पॉइंट से जेवर की तरफ चल दिए। इसी बीच पति फैसल, देवर हुजैफा व ससुर मोहमद अली ने अज्ञात के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि पीड़िता के दुपट्टे से फंदा बनाकर हत्या का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि पीड़िता को मृत समझ आरोपियों ने रौनीजा के पास फेंक दिया और भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परजिनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।