नोएडा। सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में मंगलवार रात युवती पर पति समेत दो लोगों ने ईंट और लोहे के कड़े से हमला कर घायल कर दिया। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरौला निवासी लीलावती ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी बेटी के पति सागर वेध को उनकी बेटी के किसी और से बात करने का शक था। इसके बाद 12 मई की रात सागर ने उसे पार्क में मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान सागर का साथी राहुल भी वहां पहुंच गया और दोनों ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया। सिर पर वार से उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसकी इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।