छात्राओं से अभद्रता का विरोध करने पर दुकानदार को पीटा
ग्रेटर नोएडा। दादरी के शहीद भगत सिंह मार्ग पर स्कूल से लौटते समय छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहे युवकों ने विरोध करने पर एक दुकानदार को बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आशीष वर्मा ने शिकायत में बताया कि उसकी ज्वेलरी की दुकान है। 15 अक्तूबर को दोपहर करीब तीन बजे वह दुकान पर बैठा था। दुकान के नजदीक चार-पांच लड़के स्कूल की छुट्टी होने पर घर लौट रही छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। इस दौरान उनके भाई ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी दुकान में घुसकर उससे मारपीट करने लगे। आसपास के लोगों ने बीचबचाव किया। जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपियों की पहचान आसानी से की जा सकती है। घटना के बाद से परिवार के लोगों में डर है।