पुलिसकर्मी और होमगार्ड पर ईंट-पत्थरों से हमला
पलवल (संवाद)। कमेटी चौक पर यातायात संभाल रहे पुलिसकर्मी व होमगार्ड पर कैंटर चालक व उसके दो साथियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर वर्दी को फाड़ दी। पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया जबकि उनका एक साथी भागने में कामयाब हो गया। शहर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भवनकुंड चौकी इंचार्ज एएसआई संजय ने बताया कि कमेटी चौक पर बनी पुलिया पर कुछ दिन पहले लेंटर डाला गया था और उसके आस-पास ईंट-पत्थर पड़े हुए हैं। जिससे की भारी वाहन उस पर न चढ़े। हवलदार प्रेमसिंह व होमगार्ड विष्णू की ड्यूटी रविवार को कमेटी चौक पर लगी हुई थी। उसी दौरान मीनार गेट की तरफ से एक कैंटर तेज रफ्तार से आया। जिसे रुकने का इशारा किया गया। जैसे ही हवलदार व होमगार्ड कैंटर के पास पहुंचे, तो चालक व उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उनका विरोध किया गया, तो ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया और वर्दी फाड़ दी। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम रामू निवासी गांव मितरोल व कलूआ निवासी जैंदीपुरा मोहल्ला बताया।