नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली के लोग आप विधायकों के विधानसभा के बाहर दिए धरने को तमाशे के तौर पर देख रहे हैं। आप के जिन विधायकों को दूसरे की पीड़ा से आनंद मिलता था, आज वे अपने भ्रष्टाचार को छुपाने व दबाने के लिए बाबा साहेब आंबेडकर व शहीद भगत सिंह की तस्वीरों के नाम पर विवाद कर रहे हैं। समय देखकर मुस्कुरा रहा है कि जिन्होंने 2018 में विधायक ओपी शर्मा को लगभग एक साल और फिर 2021 में एक साथ दो सत्रों के लिए विधानसभा से बाहर किया था, वे आज विधानसभा से तीन बैठकों के लिए निष्कासित होने पर प्रदर्शन कर रहे हैं। विधानसभा हो या सचिवालय सब जगह मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कमरों में रोजाना सैकड़ों मीडियाकर्मी और आगंतुक आते-जाते हैं। उनकी आंखों के सामने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर व शहीद भगत सिंह के ही नहीं, प्रधानमंत्री के चित्र भी सुशोभित दिखते हैं। सच यह है कि शराब घोटाले पर विधानसभा में रखी गई कैग रिपोर्ट से आप नेता खासकर आतिशी बौखलाई हुईं हैं। आतिशी का नाम गोवा इंचार्ज के रूप में शराब घोटाले से लाभार्थियों के रूप में जुड़ा है। सीएजी रिपोर्ट से उनका डर दिल्ली वालों को खूब समझ आ रहा है। ब्यूरो