दनकौर (संवाद)। बड़ा मोहल्ले में रविवार लेनदेन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान चले लाठी-डंडे में दोनों पक्ष के पांच लोग घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। दोनों पक्ष ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। घायल गौरव ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी रविंद्र ने कुछ महीने पहले उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे। रविवार को रुपये मांगे तो रविंद्र परिजनों के साथ घर पहुंचा और मारपीट कर उसकों मिलाकर परिवार के तीन सदस्यों को घायल कर दिया। वहीं, रविंद्र का कहना है कि लौटाने के बावजूद गौरव रुपये मांग रहा था। उसका आरोप है कि इसी को लेकर उसके साथ परिवार के दो लोगों को घायल कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।