हवा में बढ़ा जहर तो लोगों ने मॉर्निंग वॉक से बनाई दूरी
- शहर के पार्क हुए सूने, सुबह के समय अधिक बना हुआ है वायु प्रदूषण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दीपावली के बाद से लगातार शहर की हवा बिगड़ी हुई है। नोएडा के रेड जोन में बने होने की वजह से अब लोग माॅर्निंग वॉक से भी दूरी बना रहे हैं। ऐसे में पार्क और ग्रीनबेल्ट में सुबह के समय सन्नाटा ही पसरा रहता है। खुद डॉक्टर भी सलाह दे रहे हैं कि प्रदूषण बढ़ने के समय खुले में जाने से बचें। शुक्रवार को भी नोएडा का एक्यूआई 334 रिकॉर्ड हुआ।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के हवा में प्रदूषण की निगरानी के लिए बने समीर पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक सुबह के समय हवा खतरनाक स्तर पर पहुंच रही है। छह बजे से 11 बजे के बीच एक्यूआई 400 के ऊपर बना हुआ है। दोपहर के समय तापमान बढ़ने और हवा चलने की वजह से प्रदूषण से कुछ राहत मिल पा रही है। सेक्टर-78 निवासी गौरव गुप्ता ने बताया कि जब तक प्रदूषण कम नहीं होता, सुबह के समय सैर के लिए जाना बंद ही कर दिया है। वहीं जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. मो. खालिद का कहना है कि प्रदूषण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कम करता है। ऐसे में वायरल या दूसरे संक्रमण हो सकते हैं। अस्थमा, हृदय रोग, डायबिटीज के मरीजों को खासतौर पर अभी प्रदूषण में सुबह या शाम की सैर से बचना चाहिए।
दावा: 300 किमी सड़क पर पानी का छिड़काव
इधर, नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण को कम करने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की बात कही है। प्राधिकरण से जारी सूचना के मुताबिक नोएडा में 90 टैंकरों से पानी छिड़का जा रहा है। 70 स्मॉग गन धूल के कण छंटने में मदद करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इससे करीब 300 किमी लंबाई में सड़कों से धूल कम की जा रही है। एक अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रदूषण फैलाने वाली एजेंसियों पर करीब 1.44 करोड़ रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।
ग्रेटर नोएडा की हवा में भी सुधार नहीं
नोएडा की तरह ग्रेटर नोएडा की हवा भी खराब बनी हुई है। शुक्रवार को यहां एक्यूआई 345 रिकॉर्ड हुआ। वहीं पूरे जिले में दीपावली के बाद से हवा रेड जोन में ही बनी हुई है। इसमें कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।