मोटो जीपी-ट्रेड शो के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेनो स्थित एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2023 व बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में मोटो जीपी के आयोजन के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। दिल्ली बार्डर से जिले में भारी व मध्यम वाहन का प्रवेश 21 सितंबर को सुबह छह बजे से 25 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। यातायात असुविधा उत्पन्न होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 9971009001, 9355057381 पर संपर्क कर सकते है।
दिल्ली बार्डर से गौतमबुद्धनगर के चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज, न्यू अशोक नगर, कोंडली, झुण्डपुरा बार्डर, परीचौक, नालेज पार्क, नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे व यमुना एक्सप्रेसवे पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। दूध, फल, सब्जी, एबुलेंस, चिकित्सा समेत आवश्यक सेवाओं के लिए वाहनों को प्रतिबंधित नहीं किया गया है। आकस्मिक स्थिति में चिकित्सीय वाहनों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे पर मार्शल मोटर साइकिल की सहायता से सुलभ यातायात लेन प्रदान की जाएगी। आटो-ई-रिक्शा किसी भी सार्वजनिक मार्ग पर नहीं खड़े होंगे। डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग
करने की अपील की।
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से अलीगढ़ की ओर जाने पर ऐसा रहेगा यातायात
-नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर ग्रेनो, मथुरा, आगरा, लखनऊ की ओर जाने वाले गैर व्यावसायिक वाहन दिल्ली क्षेत्र के आंतरिक मार्गों का प्रयोग कर एनएच-9, 24, 91 से जा सकेंगे।
-नोएडा क्षेत्र से दिल्ली, गाजियाबाद की ओर जाने वाले नाॅन कामर्शियल वाहन एमपी-1, एमपी-2, एमपी-3 व डीएससी मार्ग से न्यू अशोक नगर, झुंडपुरा, एनआइबी, माडल टाउन, छिजारसी से गंतव्य को जा सकेंगे।
-दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ से मथुरा, आगरा, लखनऊ की ओर जाने वाले गैर व्यावसायिक व कामर्शियल वाहन एनएच-9, एनएच-24, एनएच-91 से जा सकेंगे।
-आगरा, मथुरा, लखनऊ से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे होकर जाने वाले गैर व्यावसायिक वाहन अलीगढ़ टप्पल से बुलंदशहर व मथुरा से दिल्ली होकर जा सकेंगे।
-ग्रेनो वेस्ट क्षेत्र से दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ जाने वाले गैर व्यावसायिक वाहन किसान चौक से तिगरी, पर्थला से छिजारसी होकर एनएच-24 से गंतव्य को जा सकेंगे।
-ग्रेनो से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली, गाजियाबाद जाने वाले गैर व्यावसायिक वाहन ग्रेनो वेस्ट मार्गों का प्रयोग कर किसान चौक, तिगरी, साहबेरी, पर्थला, छिजारसी होकर गंतव्य को जा सकेंगे।
-फेज-2 क्षेत्र से दिल्ली जाने वाले गैर व्यावसायिक वाहन डीएससी रोड होकर न्यू अशोक नगर, झुंडपुरा, सोरखा, पर्थला, छिजारसी, माडल टाउन होकर गंतव्य को जा सकेंगे।
-दिल्ली आश्रम की ओर से डीएनडी, चिल्ला होकर सेक्टर-16 व 37 जाने वाली डीटीसी बसें मयूर विहार से कोंडली, झुंडपुरा होकर स्टेडियम चौक से रजनीगंधा होकर जा सकेंगी।
-सिटी सेंटर, सेक्टर-37, बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक जाने वाली यात्री बसें सेक्टर-44 गोलचक्कर से एल्डिको चौक सेक्टर-93, एनएसईजेड, सूरजपुर, अल्फा काॅमर्शियल गोलचक्कर से डिपो गोलचक्कर के पास रामलीला पार्क में जा सकेगी।
-आगरा की ओर से आने वाली बसे यमुना एक्सप्रेसवे से जेवर कस्बा की ओर उतरकर सबौता अंडरपास से खुर्जा बाईपास से जहांगीरपुर, खुर्जा होकर गंतव्य को जा सकेगी।