ग्रेटर नोएडा। जिले में 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह ने बताया कि यह दिवस भारतीय सेना, अर्द्धसैनिक बलों, शहीदों, दिव्यांग सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण को समर्पित है। वर्ष 1949 से प्रतिवर्ष मनाए जा रहे इस दिवस के माध्यम से सैनिकों के हित में महत्वपूर्ण धनराशि जुटाई जाती है। झंडा दिवस पर युद्धों में हताहत हुए सैनिकों के पुनर्वास, उनके परिवारों की सहायता और सेना में तैनात जवानों के कल्याण में उपयोग होता है। देश की सीमाओं पर सुरक्षा देने वाले सैनिक आपदा, बाढ़, भूकंप व महामारी के समय भी जनसेवा में अग्रणी रहते हैं। पूर्व उड़ी, बालाकोट, पुलवामा, पहलगाम व ऑपरेशन सिंदूरी जैसे अभियानों में सैनिकों की वीरता पर देश को गर्व है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों, सामाजिक संस्थाओं, उद्योगों, शिक्षण संस्थानों व युवाओं से अपील की है कि वह प्रतीक झंडियों व कार झंडियों के माध्यम से बढ़-चढ़कर योगदान दें। झंडा दिवस के अंतर्गत दिया गया दान आयकर की धारा 80-सी के अंतर्गत करमुक्त है। प्रशासन ने अधिक से अधिक सहयोग कर सैनिक परिवारों के सम्मान व कल्याण में सहभागी बनने का आग्रह किया है। ब्यूरो