नोएडा (संवाद)। जिले का नाम रोशन करने वाली अध्यापिका अर्चना पांडेय के रविवार को घर लौटने पर सेक्टर-117 स्थित यूनिहोम्स सोसाइटी में स्वागत किया गया। अर्चना पांडेय को पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यस्तरीय सम्मान प्रदान किया था। प्रदेशभर से कुल 61 शिक्षकों का इस सम्मान के लिए चयन हुआ था।अर्चना पांडेय कंपोजिट विद्यालय खंजरपुर में अध्यापिका हैं। उनके सोसाइटी पहुंचने पर निवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। महिलाओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंट करने के साथ माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान नेहा, रीतू, मीना जोशी समेत कई महिलाओं ने अर्चना पांडेय की उपलब्धि की सराहना की और उन्हें बधाई दी।