नोएडा (संवाद) । कराटे खिलाड़ी आराध्या गुप्ता का चयन एसजीएफआई नेशनल स्कूल गेम्स के लिए हुआ है। वह अंडर-14 बालिका वर्ग के 26 किलोग्राम भारवर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर नोएडा का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता 16 से 19 दिसंबर तक मध्य प्रदेश में आयोजित होगी। आराध्या सेक्टर-93बी स्थित इंद्रप्रस्थ ग्लोबल स्कूल की कक्षा छह की छात्रा हैं। इससे पहले भी वह केआईओ नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं। कराटे में लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। उनके चयन से परिवार, प्रशिक्षकों और नोएडा के कराटे खिलाड़ियों में खुशी है। टीएसकेए के अध्यक्ष संजय शर्मा ने आराध्या को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, उनके कोच जुगनवीर सिंह ने भी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।