परिजनों की डांट से नाराज नौवीं के छात्र ने दी जान
- पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या, नहीं मिला सुसाइड नोट
- सेक्टर-44 में भी युवक ने फंदे से लटककर की आत्महत्या
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शिक्षक की शिकायत के बाद नाराज अभिभावकों ने नौवीं कक्षा के छात्र को डांट लगा दी। जिससे बाद कोतवाली सेक्टर-41 निवासी छात्र (13) ने घर में पंखे से फंद लगाकर जान दे दी। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं सेक्टर-44 में भी एक युवक ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-41 निवासी शख्स का बेटा नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। पिछले दिनों उसका स्कूल में टेस्ट था। टेस्ट वाले दिन वह स्कूल नहीं गया, जिस पर टीचर ने उसके परिजनों को स्कूल में बुलाकर उसकी शिकायत की। शिकायत मिलने पर परिजनों ने छात्र को डांट दिया। जिससे नाराज छात्र ने स्कूल से आने के बाद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं इसके अलावा सेक्टर-44 के गली नंबर-3 में रहने वाले उन्नाव के सौरव कुमार ने कमरे पर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। फंदे पर लटका देखकर उसकी पत्नी ने आस-पड़ोस के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी पत्नी से पूछताछ नहीं करने का जिक्र किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सौरव शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी गांव में रह रही है। नोएडा में उसने एक अन्य महिला से शादी कर ली थी और उसी के साथ रह रहा था।