संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। अनीश राज ने एशियाई स्केटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। दक्षिण कोरिया में हुई प्रतियोगिता में उन्होंने वन लैप रोड कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया। एशियाई स्केटिंग प्रतियोगिता में इनलाइन फ्रीस्टाइल, स्पीड स्केटिंग, रिंक हॉकी, कलात्मक स्केटिंग और स्केटबोर्डिंग स्पर्धाओं में 14 देशों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया था। सेक्टर-77 निवासी अनीश राज प्रदेश के पहले अंडर-19 स्केटर हैं जिन्होंने एशियाई चैंपियनशिप और वर्ल्ड स्केट गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अपनी जीत पर अनीश ने परिवार और कोच का आभार जताया है। अनीश राज राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अब तक 101 स्वर्ण, 15 रजत और 5 कांस्य पदक जीत चुके हैं। इसी साल उन्होंने एमिटी इंटरनेशनल स्कूल से बारहवीं पास की है। वह स्कूल में हमेशा 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाते रहे हैं। एमिटी स्कूल के खेल प्रशिक्षक निरंजन काला ने बताया कि अनीश खेल और पढ़ाई दोनों में काफी अच्छा था।