ग्रेटर नोएडा। आनंद आश्रय सोसाइटी निवासी 13 साल का किशोर सोमवार रात पिता की पिटाई से नाराज होकर घर से निकल गया। पूरी रात तलाश करने के बाद परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और दोस्तों से पूछताछ की। उसके वृंदावन जाने की सूचना मिली। एक टीम वृंदावन भेजी गई जहां पर किशोर मिल गया। जांच में सामने आया कि अभिभावकों ने बच्चे को साइकिल चलाने से इन्कार कर दिया था और मारपीट की गई थी। एक माह पहले भी उसे पीटा गया था तब वो चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचा था। अब मिलने के बाद वो घर जाने को तैयार नहीं था। काफी समझाने के बाद वो शांत होकर घर गया। ब्यूरो