एंबुलेंस कर्मियों ने घर पर कराया सुरक्षित प्रसव
नोएडा। छिजारसी स्थित चोटपुर कॉलोनी में पहुंची 102 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने घर पर ही सुरक्षित तरीके से प्रसव कराया। एंबुलेंस सेवा के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे पायल नाम की महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 102 नंबर डायल किया। 12.48 बजे एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई लेकिन महिला अस्पताल जाने की स्थिति में नहीं थी। जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए एंबुलेंस में तैनात पैरामेडिकल इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन वरुण पुंडीर और चालक सुधीर कुमार ने दोपहर करीब 1.10 बजे घर पर ही सुरक्षित प्रसव कराया। इस बीच एंबुलेंस पर तैनात कर्मी जिला अस्पताल के डॉक्टर से संपर्क में रहे। जच्चा-बच्चा की हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी। ब्यूरो