बाइक टकराने पर अमेजन कंपनी के डिलीवरी बॉय को पीटा
-पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, अन्य फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सुल्तानपुरी इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर एक बाइक से दूसरी बाइक की हल्की टक्कर होने के विवाद में एक परिवार के लोगों ने अमेजन कंपनी के डिलीवरी बॉय की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल डिलीवरी बॉय को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया। वहीं आरोपी पक्ष की एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
कैलाश विहार निवासी साहिल ने पुलिस को बताया है कि वह अमेजन कंपनी में डिलीवरी बॉय है। डिलेवरी के लिए जाते वक्त फिरनी रोड, पूठ कलां के पास पहुंचने पर उसकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। झगड़े के बाद दूसरे बाइक सवार ने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने उसकी लाठी और डंडे से पिटाई कर दी। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि साहिल का पुंठकलां निवासी सुलेंदर से विवाद हुआ था। इसके बाद सुलेंदर, उसकी पत्नी कविता और उसके रिश्तेदार सोनीपत हरियाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।