ग्रेटर नोएडा (संवाद)। कपिल देव की ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (टीजीसीएल) का चौथा सीजन मंगलवार से ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में शुरू हो गया। पांच सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में देश-विदेश के पेशेवर, सेलिब्रिटी और शौकिया गोल्फर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस सीजन में पहली बार दक्षिण-पूर्व एशिया की टीम ने भी लीग में प्रवेश किया है। थाईलैंड की एसएसएल थाईलैंड टीम की भागीदारी से टीजीसीएल का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुआ है। पेशेवर गोल्फरों के बीच सेलिब्रिटी और शौकिया खिलाड़ियों ने भी शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबलों में रोमांच बढ़ाया। लीग के आयोजकों के अनुसार, इस बार खिलाड़ियों और टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों में भी खास उत्साह है।