ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के शाहबेरी गांव में पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश के दौरान विवाद हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। गांव ग्राम रोजा याकूबपुर के बृजेश कुमार का कहना है कि उनकी पैतृक जमीन पर बने शेड और दुकानों पर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया। जमीन पर उन्होंने हाल, दुकानें और टू-साइड ओपन सर्विस स्टेशन बना रखा है। यह सर्विस स्टेशन किराये पर भी दिया गया है। 24 सितंबर की सुबह अनिल कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने सर्विस स्टेशन पर काम कर रहे कामगारों से गाली-गलौच और मारपीट की। अनिल ने जबरन दुकानों पर लगे सर्विस बोर्ड को उखाड़कर अपना बोर्ड लगा दिया और कब्जा करने की कोशिश की। पुलिस ने अनिल को वहां से हटाने और दुकानों से कब्जा हटाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने अनिल से दुकानों का ताला खुलवाया और बृजेश को कब्जा दिलाया। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।