ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फ्लैट दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गौर सिटी-1 निवासी पीड़ित विनय कुमार मिश्रा का कहना है कि वर्ष 2014–15 में उनकी जान-पहचान योगेश कुमार सिंह से हुई थी। योगेश ने उन्हें द्वारका (दिल्ली) में 37 लाख रुपये मूल्य का फ्लैट दिलाने का प्रस्ताव दिया था। शुरुआती रकम देने के बाद वर्ष 2016 में आरोपी ने सेक्टर-18 नोएडा स्थित दफ्तर में बुलाकर 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। विश्वास में आकर विनय ने एक्सिस बैंक के जरिए चार चेकों से कुल 10 लाख रुपये दिए। आरोप है कि योगेश ने ब्याज और गारंटी के तौर पर 10 लाख का एक चेक दिया, लेकिन उसे लगाने से रोक दिया। वर्ष 2018-19 में आरोपी ने फिर 4 लाख रुपये और मांगे जो विनय ने उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद योगेश ने बताया कि द्वारका वाला फ्लैट रद्द हो गया है। विरोध पर आरोपी ने जान से मरवाने की धमकी दी। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो