ग्रेटर नोएडा (संवाद)। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का विरोध खत्म हो गया है। मारपीट के आरोपों को लेकर उपजे विवाद के बाद मंगलवार को सभी जूनियर डॉक्टर अपने काम पर लौट आए। डॉक्टरों के ड्यूटी पर लौटने से अस्पताल में प्रभावित हुई चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगी हैं। जिम्स प्रशासन के अनुसार, रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच आपसी मतभेद खत्म हो गए हैं और सभी ने अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता का कहना है कि पिछले 4-5 दिनों से जूनियर रेजिडेंट्स के बीच चल रहा असंतोष विरोध अब सुलझा लिया गया है। अस्पताल पहले की तरह पूरी तरह से काम कर रहा है।