दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन की पहल से विमान यात्रियों को होगी समय की बचत
15 मिनट में नई दिल्ली स्टेशन से यात्री पहुंच सकेंगे आईजीआई एयरपोर्ट
22.7 किमी के दायरे में रफ्तार बढ़ाने के लिए पिछले साल ट्रायल हुआ था शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विमान यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो की रफ्तार बुधवार से बढ़कर 100 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की इस पहल से यात्री नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (आईजीआई) के टर्मिनल-3 तक महज 15 मिनट में पहुंच सकेंगे। इससे रोजाना हजारों यात्रियों को सड़कों पर लगने वाले जाम के कारण देरी की समस्या से छुटकारा मिलेगा और फ्लाइट भी नहीं छूटेगी। आने याले समय में इस लाइन पर मेट्रो की रफ्तार बढ़ाकर 120 किमी तक प्रतिघंटा तक की जाएगी। डीएमआरसी ने 22.7 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो की रफ्तार बढ़ाने के लिए पिछले साल ट्रायल शुरू किया था। लंबे समय तक ट्रायल चलने के बाद सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही रफ्तार बढ़ाने की इजाजत दी गई है। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक जाने में चार मिनट की बचत होगी। बुधवार को नई दिल्ली स्टेशन से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर 100 किमी की रफ्तार से मेट्रो दौड़ेगी। विमान यात्रा के बाद दूसरे शहरों में जाने के लिए भी यात्रियों को एयरपोर्ट से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में समय की काफी बचत होगी।
दो माह में 120 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी मेट्रो
मेट्रो की रफ्तार 120 किमी तक प्रतिघंटा होने में और दो महीने का वक्त लग सकता है। मेट्रो की गति बढ़ाने से पहले ट्रैक पर खास तरह के टेंशन क्लैंप लगाए गए, ताकि मेट्रो की रफ्तार आसानी से बढ़ाई जा सके। इसके बाद ट्रायल की सफलता के बाद मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने रफ्तार बढ़ाने के लिए हरी झंडी दे दी। अगले दो महीने में मेट्रो की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा तक किए जाने की उम्मीद है। चरणों में रफ्तार बढ़ाने से पहले ट्रैक की लगातार निगरानी की जाएगी। रफ्तार में बढ़ोतरी से कोई दिक्कत न आए, इसके लिए सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता किया जाएगा।