त्यागराज स्टेडियम के पास पार्क में पीपल के पेड़ से लगाया फंदा
सुसाइड नोट में लिखा - किसी पर भरोसा न करें, मानव खतरे है
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। त्यागराज स्टेडियम के पास रविवार सुबह एक पार्क में एयरफोर्स के जूनियर वारंट ऑफिसर (जेडब्ल्यूओ) अखिलेश्वर मिश्रा (38) ने फंदा लगाकर जान दे दी। ठगी का शिकार होने पर अखिलेश्वर ने यह कदम उठाया। डायरी में लिखे सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि किसी पर भरोसा न करें, मानव खतरे में है। कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि मूलरूप से गांव हरपुर, पीओ लूसी जिला गोरखपुर निवासी अखिलेश्वर त्यागराज स्टेडियम के पास बने क्वार्टर में रहते थे। कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस को सुबह 8:30 बजे सूचना मिली कि एक शख्स का शव स्टेडियम के पास पार्क के गेट नंबर-7 के पास पेड़ पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि अखिलेश्वर ने नाइलॉन की रस्सी से पीपल के पेड़ के जरिये फंदा लगा रखा है। पुलिस उन्हें एम्म ले गई जहां डॉक्टरों ने अखिलेश्वर को मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने सुसाइड नोट में पिता के लिए लिखा है कि आप बहुत महान है और माफी मांगी है। मैं एक अजीब तरीके से ठगी का शिकार हो गया। बेदाग जीवन ही श्रेष्ठ है। इस घनघोर कलयुगी दुनिया में मैं फिट नहीं हूं।